जालंधर: War Against Drugs… पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के अंतर्गत युवाओ को रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक अनोखी पहल करते हुए स्थानीय विरसा विहार में संगीत और डांस क्लासेस की शुरुआत कर दी है। इन क्लासेस का उद्घाटन आज डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने किया।
डिप्टी कमिश्नर ने संगीतशाला और नाट्यशाला का उद्घाटन करने के बाद संबोधन करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में कोई न कोई प्रतिभा अवश्य होती है। उन्होंने कहा कि नौजवानों की छिपी प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी समृद्ध विरासत से जोड़ने के लिए यह प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि नौजवानों को पढ़ाई के साथ-साथ कलात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना समय की जरूरत है।
इस मौके पर उनके साथ सहायक कमिश्नर (यू.टी.) मुकिलन आर भी मौजूद थे। डा.अग्रवाल ने नौजवानों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान वाली पंजाब सरकार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन नौजवानों के सपनों को साकार करने के लिए हर संभव प्रयास करने के लिए वचनबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के नेतृत्व में प्रशासन जिले के नौजवानों के कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा नौजवानों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद के लिए जहां मुफ्त कोचिंग क्लासेस चलाई जा रही है, वही चेतना प्रोजेक्ट के तहत लाइफ सेविंग स्किल्स और स्व-रक्षा संबंधी ट्रेनिंग प्रदान की जा रही है। इसके अलावा नौजवानों को नशों से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रोत्साहित करने के लिए जालंधर प्रीमियर लीग के तहत विभिन्न खेल मुकाबले करवाए गए हैं। नौजवानों को किताबों से जोड़ने के लिए 6 पब्लिक लाइब्रेरी तैयार की गई हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जालंधर कला और संस्कृति का केंद्र रहा है और इसे और अधिक प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगा। उन्होंने जिले के नौजवानों को संगीत और डांस क्लासेस में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल द्वारा विरसा विहार में डांस और संगीत क्लासों में पेंटिंग्स बनाने वाली हंस राज महिला महाविद्यालय की विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उद्घाटन समारोह में प्रस्तुतियों के लिए दोआबा कॉलेज और एच.एम.वी. की विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।।
