नूरमहल: Grand Yoga and Meditation Camp to be Organized at Divya Sarovar… दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा आज प्रातः दिव्य सरोवर, नूरमहल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर “विलक्षण योग एवं ध्यान-साधना शिविर” का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का विषय “Yoga for Wellness, Wisdom and World Peace” रहा, जिसके अंतर्गत बड़ी संख्या में साधकों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने योगाभ्यास और ध्यान-साधना में भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. सर्वेश्वर जी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन की एक संपूर्ण जीवन-पद्धति है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से मन की एकाग्रता, मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा तथा आंतरिक संतुलन प्राप्त होता है।
डॉ. सर्वेश्वर जी ने आगे कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग और ध्यान अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि ये व्यक्ति को तनाव, असंतुलन और नकारात्मकता से मुक्त कर जीवन में स्वास्थ्य, विवेक और शांति का मार्ग प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी को योग को अपने दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान साधकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान-साधना का सामूहिक अभ्यास किया। शांत वातावरण, अनुशासित व्यवस्था और आध्यात्मिक भावभूमि ने पूरे आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। दिव्य सरोवर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वास्थ्य, आत्म-जागरण और विश्व शांति का प्रेरणादायी संदेश दिया।
