जे.सी.टी. मिल शुरू होने से पहले प्रत्येक कर्मचारी का बकाया वेतन और अन्य भुगतानों का निपटारा किया जाएगा
गन्ना उत्पादकों का भुगतान पहले किया जाएगा, जो विदेश भाग गए हैं, उनकी संपत्ति जब्त कर ली गई है
अब सख्त कानून लागू हो चुका है, श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने वाला कानून के शिकंजे से नहीं बच पाएगा
भाजपा फूट और भय का माहौल पैदा कर रही है, पंजाब को ऐसी गंदी राजनीति से मुंह नहीं लगाना चाहिए जिसने पहले भी राज्य को काले दौर में धकेला था
फगवाड़ा- Chief Minister Mann announces reopening of JCT Mill Phagwara… दोआबा क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज दुनियाभर में प्रसिद्ध जे.सी.टी. मिल फगवाड़ा को फिर से शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि दोआबा का दिल कही जाने वाली इस मिल के चालू होने से जहां आर्थिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलेगा, वहीं युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
अपनी शुक्राना यात्रा के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “मेरे पास सभी पंजाबियों, खासकर फगवाड़ा के लोगों के लिए खुशखबरी है कि प्रसिद्ध जे.सी.टी. मिल जल्द ही कामकाज फिर से शुरू करेगी। उत्पादन फिर से शुरू होने पर इस मिल की पुरानी शान को बहाल किया जाएगा, जिससे दोआबा के औद्योगिक विकास को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। पंजाब को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल के नक्शे पर फिर से उभारने के लिए जे.सी.टी. की फुटबॉल टीम को भी पुनर्जीवित किया जाएगा। एक पंजाबी उद्यमी ने जे.सी.टी. मिल की संपत्तियां खरीदी हैं, और कोई भी इजाजत देने से पहले, हमने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रत्येक कर्मचारी का बकाया वेतन और अन्य रहती भुगतान का भुगतान किया जाना चाहिए और श्रमिकों के बकाए के एक-एक पैसे का निपटारा किया जाएगा।”
गन्ना उत्पादकों और मजदूरों के बकाए को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मसला भी हल किया जाएगा। जो लोग विदेश भाग गए हैं, उनकी संपत्तियां सरकार द्वारा कुर्क कर ली गई हैं और किसानों के बकाए का भुगतान करके इन संपत्तियों को नीलाम किया जाएगा। राज्य सरकार के पास हर किसान और हर बकाया भुगतान का रिकॉर्ड है। मैं किसी को भी उनके साथ धोखा नहीं करने दूंगा और समाज के हर वर्ग के हितों की रक्षा की जाएगी।”
लोगों के भरपूर समर्थन और कानूनी सुधारों के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगे कहा, “अत्यधिक गर्मी के बावजूद फगवाड़ा में हुई विशाल सभा राज्य सरकार और इसकी नीतियों के प्रति लोगों के भारी समर्थन को दर्शाती है। भगवान की कृपा से मुझे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी को रोकने के लिए बहुत सख्त कानून बनाकर लोगों की सेवा करने का अवसर मिला है। पहले, कानून में बहुत सारी कमियां थीं और लोग मानसिक रूप से अस्थिर या बीमार होने का दिखावा करके बच जाते थे। अब, बेअदबी के दोषियों को अनुकरणीय सजा दी जाएगी, जबकि पिछली सरकारें ऐसा कानून बना सकती थीं लेकिन उनकी नीयत बेईमान थी।”
विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ चेतावनी देते हुए उन्होंने आगे कहा, “कुछ राजनीतिक पार्टियां धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश कर रही हैं। भारतीय जनता पार्टी की राजनीति समुदायों में विभाजन पैदा करने और फिर वोटों के लिए दोनों पक्षों को भयभीत करने के इर्द-गिर्द घूमती है और लोगों को इससे सावधान रहना चाहिए। पंजाब को ऐसी ताकतों को पूरी तरह से नकारना चाहिए क्योंकि राज्य पहले ही पिछले समय में काले दिन देख चुका है जिन्होंने इसके विकास को पटरी से उतार दिया था।”
उन्होंने कहा, “मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मुझे श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित आयोजनों का आयोजन करने का अवसर मिला है। राज्य सरकार श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरी श्रद्धा-भावना से मनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। यह हमारा साझा कर्तव्य है कि भेदभाव से मुक्त तथा समानता के समाज के गुरु रविदास महाराज जी के दर्शन को हम दुनियाभर में पहुंचाएं।”
