अमृतसरः AAP leaders were sent to jail on false charges… अदालत द्वारा दिल्ली शराब मामले में लगे सभी आरोपों को खारिज करने और ‘कट्टर ईमानदार’ के रूप में अपनी ईमानदारी की छवि बनाए रखने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी पत्नी के साथ सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक होकर अरदास की और वाहेगुरु का शुक्रिया अदा किया। इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और उनकी पत्नी समेत अन्य सम्मानित व्यक्तियों ने भी दरबार साहिब में माथा टेका।
इस अवसर पर ‘आप’ सुप्रीमो ने कहा कि ‘आप’ की लीडरशिप पर झूठे आरोप लगाकर और राजनीतिक कीचड़ उछालने की सोची-समझी मुहिम चलाई गई थी, जिसके तहत पार्टी के पांच प्रमुख नेताओं को फर्जी आरोपों के तहत कैद किया गया था। उन्होंने कहा कि एक वर्तमान मुख्यमंत्री को भी आधी रात में उनकी रिहायश से घसीटकर जेल में डाल दिया गया था, लेकिन अदालत ने मुकदमा चलाने के लिए जरूरी सबूतों की कमी के कारण सभी आरोपों को रद्द कर दिया और उन्हें पूरी राहत प्रदान की।
मीडिया से बातचीत के दौरान ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, “यह वाहेगुरु की कृपा और आशीर्वाद के बिना संभव नहीं था। मैं पहले भी कई बार दरबार साहिब आया हूं और वाहेगुरु का आशीर्वाद लिया है। अब जब हमारा सम्मान बहाल हो गया है और हम सभी आरोपों से मुक्त हो गए हैं, आज मैं, मेरी पत्नी, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और उनकी पत्नी हमारे परिवारों समेत वाहेगुरु के सामने नतमस्तक होने और शुक्रिया अदा करने आए हैं। वाहेगुरु हमारा मार्गदर्शन करते रहें और हम पर अपनी असीसें बरसाते रहें। वाहेगुरु ने हमें लोगों की सेवा करने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है और हम उसी भावना से लोगों की सेवा करते रहेंगे।”
‘आप’ सुप्रीमो ने कहा, “पिछले चार सालों से हमारी सरकार द्वारा पंजाब में महत्वपूर्ण पहलें की गई हैं। सरकार ने स्कूलों, अस्पतालों, स्वास्थ्य देखभाल के लिए क्रांतिकारी कदम उठाए हैं और अब महिलाओं की भलाई के लिए कदम उठाए गए हैं। जब हमें लोगों का आशीर्वाद मिलता है तो ही हमारे जैसे आम लोग सब कुछ हासिल करने के योग्य होते हैं। वरना, ऐसे ताकतवर लोगों के सामने हमारे जैसे आम लोगों का कोई स्टैंड नहीं होता। हम मजबूती से खड़े होने के योग्य हैं क्योंकि वाहेगुरु की असीसें हमारे साथ हैं और हम सच्चे रास्ते पर चल रहे हैं।”
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “पंजाब में अभी भी बहुत कुछ करना बाकी है। अगर हम चार वादे करें और बदले में सात या आठ काम कर दें तो यह महानता को दर्शाता है। लेकिन आठ वादे करके सिर्फ चार पूरे करने में कोई महानता नहीं है। हमने जो सभी वादे किए थे, वे पूरे हो गए हैं। अगले साल के लिए मान साहिब और उनकी पूरी टीम द्वारा व्यापक योजना तैयार की गई है। अब पंजाब को अगले स्तर पर ले जाना है। बुनियादी ढांचे और युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए अभी बहुत काम बाकी हैं।”
उन्होंने कहा, “शुक्रवार से पंजाब निवेशक सम्मेलन शुरू हो रहा है और अब बहुत सारे उद्योग पंजाब में आने शुरू हो गए हैं। देश भर के बड़े उद्योगपति पंजाब में निवेश करने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। पंजाब के तीन करोड़ लोगों के साथ मिलकर हम सूबे को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।”
अरविंद केजरीवाल ने अपने एक्स हैंडल पर यह भी लिखा, “गुरुवार को भगवंत सिंह मान और मैं अपने परिवारों सहित श्री सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए। मेरे और मेरी पार्टी के कई नेताओं पर झूठे आरोप लगाए गए थे। अदालत ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया और स्पष्ट रूप से कहा कि मुकदमा चलाने के लिए ये सबूत काफी नहीं हैं। सच की यह जीत वाहिगुरु की कृपा के बिना संभव नहीं थी। सच के मार्ग पर चलने वालों को हमेशा गुरु का आशीर्वाद मिलता है।”
