जालंधर: Those black-marketing cylinders will face severe consequences… घरेलू गैस सिलेंडरों की निर्विघ्न सप्लाई सुनिश्चित बनाने और कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला प्रशासन की टीमों द्वारा गैस एजेंसियों की चेकिंग लगातार जारी है। डिप्टी कमिश्नर की हिदायतों पर जिला खाद्य एवं सिविल सप्लाई विभाग की टीमों द्वारा आज भी जालंधर सहित विभिन्न सब-डिवीजनों में चेकिंग की गई, ताकि जिला वासियों को सिलेंडरों की सप्लाई के दौरान किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पूरे हालात पर बारीकी से नजर रखी जा रही है तथा सप्लाई चेन को उचित बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग और गैस एजेंसियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए हुए है।
उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडरों की उचित सप्लाई और वितरण सुनिश्चित करने के लिए ए.डी.सी. (जनरल) की अध्यक्षता में उच्च अधिकारियों की जिला-स्तरीय कमेटी गठित की गई है। इसके अलावा व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9646222555 भी जारी किया गया है, जिस पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी तथा गैर-कानूनी जमाखोरी की सूचना व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से दी जा सकती है।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि किसी को ऐसी कोई गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत इस नंबर पर सूचना साझा करें, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके। डा .अग्रवाल ने जनता से अफवाहों से सतर्क रहने और घबराहट में आकर बेवजह सिलेंडर खरीदने से बचने की भी अपील की। कालाबाजारी और गैर-कानूनी जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि यदि कहीं भी ऐसा मामला सामने आया तो कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
