कांग्रेस की हालत चिंताजनक, चुनाव चिन्ह पर लड़ने से भी बच रहे प्रत्याशी : टीनू
आदमपुर: In Adampur, the Congress engaged solely in corruption… आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और आदमपुर के हलका इंचार्ज पवन टीनू ने कांग्रेस नेताओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर पलटवार करते हुए कहा कि पंजाब में कांग्रेस की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आदमपुर के कांग्रेस विधायक द्वारा यह दावा करना कि कांग्रेस सभी 13 सीटें जीतेगी, पूरी तरह हास्यास्पद है, क्योंकि कांग्रेस तो चुनाव मैदान में अपने चुनाव चिन्ह पर उतरी ही नहीं है।
पवन टीनू ने कहा कि आदमपुर नगर कौंसिल चुनाव में एक भी प्रत्याशी कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर चुनाव नहीं लड़ रहा। इससे साफ साबित होता है कि कांग्रेस नेताओं को अपनी हार पहले से दिखाई दे रही है और इसी वजह से उनके उम्मीदवार पार्टी का चुनाव चिन्ह तक इस्तेमाल करने से बच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक को वोटें बनवाने की प्रक्रिया से भी परेशानी हो रही है, जबकि वोट बनवाना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। टीनू ने आरोप लगाया कि मतदान से पहले ही कांग्रेस नेताओं की घबराहट साफ दिखाई देने लगी है।
पवन टीनू ने कहा कि जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में भी कांग्रेस को बुरी हार का सामना करना पड़ा था और अब नगर कौंसिल चुनाव में भी जनता कांग्रेस को जवाब देने जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रत्याशी का नामांकन जबरन या धक्केशाही से रद्द नहीं किया गया, बल्कि कांग्रेस नेता खुद अधिकारियों, कर्मचारियों और युवाओं पर दबाव बनाने और धमकाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक तरीके से वोट डालने का पूरा अधिकार है और कांग्रेस को इस अधिकार का सम्मान करना चाहिए।
टीनू ने कांग्रेस विधायक को चुनौती देते हुए कहा कि वे आदमपुर में अपने कार्यकाल का एक भी बड़ा विकास कार्य गिनाकर दिखाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विकास के नाम पर केवल भ्रष्टाचार किया है और जनता अब इस सच्चाई को अच्छी तरह समझ चुकी है।
आम आदमी पार्टी नेता ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को असली डर “आप” की गारंटियों से है। उन्होंने बताया कि इन गारंटियों में आदमपुर में नए पार्कों का निर्माण, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, खेल मैदानों का विकास, बेहतर सीवरेज व्यवस्था और गऊशाला जैसी जनहित परियोजनाएं शामिल हैं।
पवन टीनू ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को बेवजह का शोर मचाने की बजाय जनता को अपना फैसला खुद करने देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आदमपुर की जनता इस बार विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति को समर्थन देगी।
