जालंधर: आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और जालंधर कैंट हलके के इंचार्ज दीपक बाली जी ने जालंधर कैंट में सनातन समाज की बैठक में शिरकत करते हुए सामाजिक और धार्मिक विषयों पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर दीपक बाली जी ने कहा कि पंजाब की धरती गुरुओं, पीरों-फकीरों और महान संतों की धरती है, जिसने हमेशा प्यार, भाईचारे, आपसी सद्भाव और मानवता का संदेश दिया है। पंजाब की धरती पर नफरत का बीज नहीं उग सकता, क्योंकि यहां की मिट्टी हमें आपसी सम्मान, एकता और मिल-जुलकर रहने की सीख देती है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की महान विरासत, इसकी शिक्षाएं और परंपराएं हमारे समाज की अनमोल धरोहर हैं। इन्हें संजोकर रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। धर्म हमें सेवा, सहनशीलता, आपसी सम्मान और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने समाज में भाईचारे और सद्भावना को मजबूत करने का संदेश देते हुए कहा कि हमें अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करते हुए सामाजिक एकता और आपसी मेल-जोल को और मजबूत बनाना चाहिए।